मिशन शक्ति 5.0 के तहत कानपुर देहात पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए गए सुरक्षा और कानूनी अधिकार

संवाददाता | कानपुर देहात

“मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत दिनांक 12 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा जनपद के बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने लोगों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी भी दी।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में बताया गया, जिससे नागरिक पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ ले सकते हैं। अभियान के दौरान साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल/खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी विशेष जोर दिया गया।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

कानपुर देहात पुलिस द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *