कानपुर देहात।
मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 07 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों द्वारा महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी नंबर 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने और सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल व ऑनलाइन धोखाधड़ी—से बचाव के उपाय भी बताए गए।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
कानपुर देहात पुलिस ने अपील की है कि महिलाएं किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की भावना को मजबूत करना है।