मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 05 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।

अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों एवं अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी भी दी गई।

इसके अतिरिक्त, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसमें पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम प्रमुख रूप से शामिल रहे।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को सशक्त बनाना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *