उरई/जालौन।
मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत मिशन शक्ति केंद्र कोतवाली जालौन द्वारा एक पारिवारिक विवाद का सफल निस्तारण कर पीड़िता को राहत प्रदान की गई।
दिनांक 22 मार्च 2026 को आवेदक श्री टीकाराम द्वारा कोतवाली जालौन में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई कि उनकी नातिन अनुपम को उसके पति द्वारा घर से निकाल दिया गया है तथा उसे दैनिक जरूरतों के लिए खर्च भी नहीं दिया जा रहा है।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति टीम ने तत्काल संज्ञान लिया और पीड़िता से वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, लेकिन पति द्वारा उसके एवं बच्चों के पालन-पोषण के लिए खर्च नहीं दिया जा रहा था।
मामले में पति सुरेश चन्द्र एवं उसके परिजनों को मिशन शक्ति केंद्र बुलाकर दोनों पक्षों से अलग-अलग एवं संयुक्त रूप से वार्ता की गई। साथ ही परिवार एवं गांव के संभ्रांत व्यक्तियों की उपस्थिति में समझाइश दी गई।
परामर्श के बाद पति ने आश्वासन दिया कि वह आगे से पत्नी की दैनिक जरूरतों को पूरा करेगा तथा बच्चों की शिक्षा व पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी निभाएगा।
समझौते के बाद पीड़िता ने संतोष व्यक्त किया और मिशन शक्ति टीम व जालौन पुलिस की सराहना की।