संवाददाता
कुठौंद/जालौन
जनपद जालौन के विकासखंड कुठौंद अंतर्गत ग्राम मदनेपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में शनिवार, 04 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 5 बजे आई तेज आंधी, तूफान और भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
अचानक बदले मौसम ने रबी की तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। खेतों में खड़ी गेहूं, चना, जौ और अरहर की फसल तेज हवाओं और ओलों की मार से जमीन पर गिर गई, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ा है।
मदनेपुर, नाहिली सहित दर्जनों गांवों में खेतों में बिछी ओलों की सफेद चादर इस तबाही की गवाही दे रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लगभग 80 प्रतिशत या उससे अधिक फसल बर्बाद हो चुकी है, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
स्थानीय किसान शिवशंकर सिंह, भगवान सिंह और श्यामजी सिंह ने बताया कि फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन अचानक आई ओलावृष्टि ने सारी मेहनत नष्ट कर दी। किसानों के सामने अब कर्ज चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
प्रभावित किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार से उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाएगा, ताकि वे अपनी आजीविका को फिर से संभाल सकें और परिवार के लिए आवश्यक अनाज की व्यवस्था कर सकें।