संवाददाता
कुठौंद/जालौन
जनपद जालौन के विकासखंड कुठौंद के ग्राम मदनेपुर एवं आसपास के गांवों में शनिवार देर शाम आई तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद रातभर रुक-रुक कर हुई बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
बताया जा रहा है कि दर्जनों गांवों में सैकड़ों एकड़ में खड़ी गेहूं, जौ और अरहर की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। ओलावृष्टि के चलते फसलें खेतों में ही गिरकर बिछ गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
मदनेपुर निवासी किसानों—शिवशंकर सिंह, सुखदेव सिंह, सहदेव सिंह, रामदयाल सिंह, भगवान सिंह, कुंवर सिंह, राजेंद्र सिंह, राजू सिंह और श्यामजी सिंह—ने बताया कि उनकी महीनों की मेहनत पल भर में बर्बाद हो गई। कई किसानों की फसल 100 प्रतिशत तक नष्ट हो चुकी है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावित किसानों का कहना है कि इस नुकसान के कारण उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है और कई परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराया जाए और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। किसानों को उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनकी मदद करेगी और उन्हें राहत प्रदान करेगी।