45 मामलों में सुनवाई, पांच परिवारों में आपसी सहमति से हुआ समझौता
संवाददाता, कानपुर देहात
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के तहत चल रहे “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात स्थित सभागार में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की शुरुआत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में की गई। इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का समाधान कर बिखरे परिवारों को फिर से एक सूत्र में बांधना है।
कार्यक्रम के दौरान कुल 45 मामले सामने आए, जिनमें नई किरण टीम के सदस्यों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इस प्रक्रिया में पांच परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया, जिसके बाद पति-पत्नी खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए। शेष प्रार्थना पत्रों पर आगे की तिथि निर्धारित की गई है।
इस कार्यक्रम में महिला थानाध्यक्ष सुषमा, महिला उपनिरीक्षक ज्योति देवी, महिला हेड कांस्टेबल नीतू, महिला कांस्टेबल रीनू, शालू देवी, इन्दू, पिंकी देवी (महिला सहायता प्रकोष्ठ) तथा प्रोजेक्ट नई किरण की सदस्य कंचन मिश्रा का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना पारिवारिक विवादों को सुलझाकर सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।