प्रतिबंधित मशीनों से खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 3 लिप्टर मशीनें जब्त, 15 लाख का जुर्माना ड्रोन और एआई निगरानी से पकड़ा गया मामला, संचालकों पर एफआईआर, पट्टा निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू

उरई/जालौन।
जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिला टास्क फोर्स टीम ने प्रतिबंधित मशीनों से खनन कर रहे संचालकों पर कड़ा प्रहार किया।

तहसील कालपी क्षेत्र के खंड संख्या 01, 02 एवं 04 (केहटा, हमीरपुर मार्ग) में प्रतिबंधित लिप्टर मशीनों से खनन करते हुए 03 मशीनों को रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया गया। यह पूरी कार्रवाई ड्रोन और एआई कैमरों के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर की गई।

कंट्रोल रूम से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने तत्काल टीम को सक्रिय कर मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान संचालकों द्वारा मशीनों को हमीरपुर की ओर भगाने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम की सतर्कता से सभी मशीनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

प्रकरण में खंड संचालक 01, 02 एवं 04 के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही दोषियों पर कुल 15 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

इसके अतिरिक्त संबंधित संचालकों को खनन पट्टा निरस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन पर आर्थिक दंड के साथ-साथ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में प्रतिबंधित मशीनों से खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रोन, एआई कैमरा एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती, तकनीकी निगरानी और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *