संवाददाता
कानपुर देहात
पूर्व सैनिकों की मासिक बैठक में जिला सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह के जन-अभियान “प्रशासन चला गाँव की ओर” से प्रेरित होकर पूर्व सैनिकों, पुलिस पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जनपद के प्रत्येक गाँव तक प्रशासन के संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में “Back to Society” की भावना के तहत समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने पर जोर दिया गया। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इन प्रमुख विषयों में नारी समानता एवं सशक्तिकरण, बालिकाओं एवं महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना, महिलाओं में एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाना शामिल है। इसके साथ ही विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूर्व सैनिकों, पुलिस पेंशनर्स एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों द्वारा प्रशासन के साथ सहयोग, समन्वय एवं अनुभव साझा करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में वीर परिवार सहायता योजना (NALSA) एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया, जिसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर देहात से प्रेरणा ली गई। साथ ही सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आमजन से सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया गया।
इसके अतिरिक्त छोटे बच्चों में मोबाइल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस जन-जागरूकता अभियान की पहल पूर्व सैनिक रामराज यादव (वेटरन), महासचिव IVO कानपुर देहात एवं संस्थापक MPRSS सेवा सोसाइटी द्वारा की गई। बैठक का नेतृत्व कप्तान रामस्वरूप पाल (सेवानिवृत्त) ने किया, जिसमें जनपद की विभिन्न तहसीलों से आए पूर्व सैनिकों ने सक्रिय सहभागिता की।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों ने उपरोक्त विषयों पर जनपद के प्रत्येक गांव में जागरूकता अभियान चलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
जयहिंद।