‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पर रोजगार का महाकुंभ: उरई में भव्य रोजगार मेला आयोजित

संवाददाता
उरई/जालौन

प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दयानंद वैदिक कॉलेज, उरई में एक दिवसीय भव्य रोजगार मेला एवं करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन द्वारा किया गया, जबकि समापन कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रोजगार मेले में देश व प्रदेश की लगभग 25–30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 1682 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किया गया, जिनमें से 1127 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ युवाओं के सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं और युवाओं से ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए निरंतर नए रोजगार अवसर सृजित कर रही है और यह मेला सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने अभ्यर्थियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार के नौ वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी गई है, जिसमें युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना प्रमुख लक्ष्य रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले युवाओं को एक मजबूत मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी योग्यता के अनुसार अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद प्रशासन युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्रा, डीबीसी प्राचार्य राजेश चन्द्र पाण्डेय, महाविद्यालय प्रशासन, प्लेसमेंट सेल, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *