कानपुर देहात।
प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद सभागार पुखरायां में ‘नगर विकास एवं निर्माण’ थीम पर आधारित एक भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पुखरायां पूनम दिवाकर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मूसानगर प्रतिनिधि विनोद निषाद, विभिन्न वार्डों के सभासद/प्रतिनिधि, अधिशासी अधिकारी पुखरायां सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि बीते नौ वर्ष प्रदेश व देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के साथ-साथ नगरों के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा हर घर जल योजना जैसी पहल से आमजन, विशेषकर महिलाओं को बड़ा लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि मुफ्त राशन वितरण, आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा लघु उद्योगों को बढ़ावा देने वाली योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही हैं।
वहीं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने ‘नगर विकास एवं निर्माण’ विषय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नगरीय निकायों को मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। नगर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण, नालियों व जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण तथा जलभराव की समस्या के समाधान हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रणाली को प्रभावी बनाया गया है और कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही एलईडी स्ट्रीट लाइटों की स्थापना से बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है तथा पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए पाइपलाइन विस्तार व जल टंकियों के निर्माण का कार्य भी जारी है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों को जागरूक किया और पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान एवं नगर पालिका अध्यक्ष पूनम दिवाकर द्वारा आयुष्मान भारत योजना/मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (फेज-2) के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं आवास की चाभियां भी सौंपी गईं।
इस दौरान योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।