नवरात्रि में सुरक्षा का संकल्प: चौकीदारों को मिला सम्मान और संसाधन डीएम-एसपी ने पुलिस लाइन में साइकिल, टॉर्च व साफा वितरित किए, संवाद में दिखा भावनात्मक जुड़ाव

संवाददाता
उरई/जालौन

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के चौकीदारों को साइकिल, टॉर्च एवं साफा वितरित किए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों के साथ सीधे संवाद स्थापित किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने चौकीदारों को ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की पहली कड़ी बताते हुए उनकी भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चौकीदार न केवल सूचनाओं के वाहक हैं, बल्कि गांवों की सुरक्षा व्यवस्था के मजबूत स्तंभ भी हैं, जिनकी सक्रियता से अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था सुनिश्चित होती है।

संवाद के दौरान चौकीदारों ने अपने अनुभव साझा किए और अपनी समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन स्तर से उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने कर्तव्यों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों को सतर्क, सजग और सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने पर बल दिया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब चौकीदारों ने प्रशासन द्वारा मिले इस सम्मान और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कई चौकीदारों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पित और प्रेरित करता है।

अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चौकीदारों की सक्रिय भागीदारी से गांव-गांव में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *