नगर पंचायत रनिया में नव-मनोनित सभासदों ने ली शपथ, विकास का लिया संकल्प

कानपुर देहात | अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत रनिया में नव-मनोनित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह नगर पंचायत कार्यालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की सदर विधायक एवं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी अकबरपुर सुरभि शर्मा तथा नगर पंचायत अध्यक्ष बिटान दिवाकर भी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान शासन द्वारा मनोनीत सभासद उमा द्विवेदी, नितिन कुशवाहा और पंकज पासवान ने विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने नव-नियुक्त सभासदों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण के बाद सभासदों ने नगर पंचायत रनिया के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने नव-मनोनित सभासदों से अपेक्षा की कि वे जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें तथा नगर पंचायत रनिया के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी मनीष राय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *