तहसील सिकंदरा में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 129 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण डीएम कपिल सिंह के निर्देशन में सभी तहसीलों में सुनी गईं जनसमस्याएं, समयबद्ध समाधान के निर्देश

कानपुर देहात।
जनपद की सभी तहसीलों में 23 मार्च 2026 को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सिकंदरा में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को एक-एक कर गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 129 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

इसके साथ ही आईजीआरएस, तहसील दिवस, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई करें, शिकायतकर्ताओं से मधुर व्यवहार रखें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ, उप जिलाधिकारी सिकंदरा, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *