डीएम के निर्देशों का असर: पेट्रोल पंपों पर बेहतर व्यवस्था, पारदर्शी तरीके से हो रहा ईंधन वितरण

संवाददाता
उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल के नेतृत्व में कोटरा क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार कोटरा विजय, राजस्व निरीक्षक (आरआई) एवं संबंधित लेखपाल भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान सभी पेट्रोल पंप खुले एवं व्यवस्थित रूप से संचालित पाए गए। कहीं भी भीड़भाड़ या अव्यवस्था की स्थिति नहीं मिली, जिससे उपभोक्ताओं को सुगमता से डीजल एवं पेट्रोल उपलब्ध हो रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि ईंधन खरीदने वाले वाहनों का विवरण रजिस्टरों में विधिवत दर्ज किया जा रहा है, जिससे वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी हुई है। अधिकारियों ने पंप संचालकों को निर्देशित किया कि वे ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वितरण करें।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन क्रय करें।

प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी निगरानी के माध्यम से व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *