जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग की बैठक, निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की दी जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित मो. मुक्तेश्वरी देवी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक में उन्होंने अवगत कराया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया। इस दौरान 06 जनवरी 2026 से 06 मार्च 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं।

जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण से पूर्व जनपद में कुल 13,36,177 मतदाता थे, जिनमें 7,16,799 पुरुष, 6,19,338 महिला एवं 40 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान डुप्लीकेट, मृतक एवं स्थानांतरित श्रेणी के 2,03,957 मतदाताओं को पृथक किया गया।

इसके उपरांत आलेख्य प्रकाशन में 11,32,220 मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 6,27,779 पुरुष, 5,04,413 महिला एवं 28 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे। सूची में पाई गई विसंगतियों के आधार पर 2,72,136 मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की गई और प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

उन्होंने बताया कि इस कार्य को जनपद की चारों विधानसभाओं में 1,666 बूथ लेवल अधिकारियों एवं 171 सुपरवाइजरों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

पुनरीक्षण के दौरान 51,384 नए मतदाता जोड़े गए, जिनमें 27,421 पुरुष एवं 23,963 महिला मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली में कुल 11,83,604 मतदाता दर्ज किए गए, जिनमें 6,55,200 पुरुष, 5,28,376 महिला एवं 28 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली जनसामान्य के निरीक्षण हेतु एक सप्ताह तक जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित ईआरओ कार्यालय एवं सभी मतदेय स्थलों पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों को इसकी दो प्रतियां (हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी) निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम मतदाता सूची आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *