संवाददाता
कानपुर देहात
विश्व क्षय रोग दिवस (24 मार्च 2026) के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अभियान की सफलता की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान के तहत टीबी रोग की रोकथाम के लिए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज के सभी वर्गों को जोड़कर टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत जनपद के ब्लॉक एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर पर उच्च जोखिम समूहों की पहचान कर उनकी व्यापक स्क्रीनिंग की जाएगी। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, डायबिटीज के मरीज, धूम्रपान करने वाले व्यक्ति, मलिन बस्तियों में रहने वाले लोग, वृद्धाश्रम, अनाथालय एवं आवासीय विद्यालयों में रहने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है।
स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध मरीजों का एक्स-रे एवं NAAT जांच कराई जाएगी और टीबी की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल उपचार से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाले ग्रामों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर विशेष शिविरों का आयोजन कर टीबी की जांच की जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शालिनी उत्तम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आई.एच. खान सहित क्षय रोग विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य चिकित्सकीय स्टाफ उपस्थित रहे।