संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्राप्त किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तर के समस्त अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (जूम) के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान करें।