जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक केंद्रीय विद्यालय माती नबीपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, स्मार्ट क्लास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं स्मार्ट क्लास का समुचित उपयोग किया जाए, जिससे छात्रों की समझ एवं रुचि में वृद्धि हो सके।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए परिसर में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, समय-समय पर फॉगिंग कराने तथा पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को विद्यालय से जुड़ी सड़कों के गड्ढे भरवाने, इंटरलॉकिंग कराने एवं स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, द्वितीय शिफ्ट के विद्यार्थियों के लिए एनसीसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्राचार्य को एनसीसी निदेशालय को पत्र लिखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालय को और बेहतर बनाने तथा आगे ले जाने की जिम्मेदारी सभी की है। साथ ही विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

बैठक में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर एसडीएम अकबरपुर सुरभि शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य ए.एच. अंसारी, प्रबंध समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *