जिलाधिकारी का अपील: गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु, अफवाहों पर न दें ध्यान

संवाददाता – उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में गैस एजेंसियों, आपूर्ति विभाग के अधिकारियों एवं व्यापारियों/उद्यमियों के साथ बैठक कर एलपीजी गैस आपूर्ति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में 35 गैस एजेंसियों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू एवं 740 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सेवाएं दी जा रही हैं। जनपद में 9603 एलपीजी रिफिल और 611 कमर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करें और ग्राहकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या डायवर्जन पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा दृष्टि से पेट्रोल पंपों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि एवं जनपद के व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *