संवाददाता
उरई / जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निकाय, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी शिकायतों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। विशेष रूप से गंभीर मामलों में अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर जांच करने तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।