संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए कार्य करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरणों में मौके पर जाकर सत्यापन कर निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निस्तारित प्रकरणों में शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वह समाधान से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही अंतिम मानक है।
जनसुनवाई के दौरान उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।