संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में “जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति” की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में आधार नामांकन, अद्यतन कार्यों की प्रगति, आधार प्रमाणीकरण तथा डीबीटी योजनाओं के आच्छादन की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की अधिकांश योजनाओं में आधार की अनिवार्यता को देखते हुए इसकी अद्यतनता एवं सुलभता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में आधार नामांकन एवं अपडेट की गति बढ़ाई जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को अपने-अपने अधीन बच्चों का नामांकन शीघ्र पूर्ण कराने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी आधार सेवा केंद्रों पर सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिन पर सेवाओं, अपडेट प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण से संबंधित स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित हो। डीबीटी आधारित योजनाओं की समीक्षा करते हुए वंचित लाभार्थियों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि निर्धारित समयावधि के बाद आधार अपडेट कराना आवश्यक होता है, इसलिए सभी नागरिक अपने नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर अपना आधार अवश्य अपडेट कराएं। साथ ही सेवा प्रदाता संस्थाओं को निर्देश दिए गए कि केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार अपडेशन एवं वेरिफिकेशन तथा प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के आधार नामांकन को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में आधार से संबंधित नए मोबाइल ऐप की जानकारी भी दी गई, जिसके माध्यम से नागरिक वर्चुअल आधार आईडी बना सकते हैं और मोबाइल नंबर सहित अन्य विवरणों में संशोधन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि नजदीकी आधार केंद्र की जानकारी एवं शिकायत के लिए myAadhaar पोर्टल तथा सेवा अनुरोध की स्थिति जानने के लिए संबंधित ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है। सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1947 एवं ईमेल भी उपलब्ध है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, यूआईडीएआई के नामित सदस्य सहायक प्रबंधक आशुतोष सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।