संवाददाता – उरई/जालौन
चैत्र नवरात्र के अवसर पर शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु विशेष कार्यवाही की।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने उरई इंडस्ट्रियल एरिया, कोटरा रोड एट, रामपुरा तहसील माधौगढ़ और ज्वालागंज के प्रतिष्ठानों से साबूदाना, घी, काजू, केला आदि खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने पर दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभागीय टीम द्वारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा और त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार एवं अनिल कुमार शंखवार उपस्थित रहे।