ग्राम ऊमरपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन, योजनाओं की जानकारी के साथ समस्याओं का निस्तारण डीएम कपिल सिंह ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में विकास खंड राजपुर के ग्राम ऊमरपुर (तहसील सिकंदरा) में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

चौपाल के दौरान पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर ही सुनिश्चित की गई, जिससे ग्रामीणों को तत्काल लाभ मिल सका।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं से जुड़ी जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिला।

जिलाधिकारी ने ग्राम में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली और गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराकर जनस्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम में कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उप जिलाधिकारी सिकंदरा प्रद्युम्न कुमार, क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह, डीसी एनआरएलएम गंगाराम, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *