जालौन | 04 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कालपी एवं छौक स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि बोरा (बैग) की कमी के कारण गेहूं की ढुलाई प्रभावित हो रही है, जिससे खरीद प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए खाद्य एवं विपणन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गेहूं खरीद शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर भी जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने पाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, खाद्य विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।