संवाददाता – कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्षों के नवनिर्माण उपलक्ष्य में जनपद कानपुर देहात में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। मेले का शुभारंभ माननीय राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला जी ने जिलाधिकारी कपिल सिंह की उपस्थिति में अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर में किया।
इस अवसर पर मंत्री ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया, जबकि जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की और अभ्यर्थियों से अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
रोजगार मेले में कुल 37 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया, वहीं बाल विकास, समाज कल्याण, चिकित्सा, उद्योग और अन्य विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। मेले में कुल 2167 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 1009 का प्राथमिक चयन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की बीसी सखियों, सिलाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और 14 चयनित अभ्यर्थियों को माननीय मंत्री द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, उपायुक्त स्वतः रोजगार, नोडल प्रधानाचार्य, आईटीआई प्रधानाचार्य, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।