संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह ने तहसीलदार के साथ ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों—मदारीपुर, कुतलूपुर, शहजादेपुर एवं मुहम्मदपुर—का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल क्षति का सही एवं पारदर्शी सर्वे कराया जा रहा है, जिससे पात्र किसानों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और वास्तविक स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
इस दौरान राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही फसल क्षति का आकलन किया गया और किसानों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।