उरई तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन

मण्डलायुक्त ने सुनी जनसमस्याएं, 17 शिकायतें प्राप्त, 07 का मौके पर निस्तारण

संवाददाता — उरई/जालौन

आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील उरई के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विमल कुमार दुबे ने की। इस अवसर पर राजेश कुमार पाण्डेय एवं डॉ दुर्गेश कुमार भी उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मण्डलायुक्त ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को न्याय एवं राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर कुल 17 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु समय-सीमा निर्धारित करते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, पेंशन, आवास, राशन कार्ड एवं विद्युत से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों में बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनमें विशेष ध्यान देते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है, जिसके माध्यम से प्रशासन को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी प्राप्त होती है।

इस अवसर पर केके सिंह, संजय कुमार, नेहा ब्याडवाल, अर्चना सिंह, देवेंद्र भिटौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *