सरकार की नीतियों एवं योजनाओं से समाज के प्रत्येक वर्ग को मिल रहा लाभ
संवाददाता — कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस गरिमा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम ईको पार्क स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मंत्री/प्रभारी मंत्री मत्स्य विभाग उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. संजय कुमार निषाद जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में माननीय सांसद देवेंद्र सिंह भोले, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण उपस्थित लोगों द्वारा देखा गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समूचे वातावरण को उत्साह से भर दिया।
अपने संबोधन में डॉ. संजय कुमार निषाद ने उत्तर प्रदेश के गठन एवं ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश आज माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से किसान, श्रमिक, युवा, महिलाएं सहित समाज का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित होकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन अनुभव कर रहा है।
इस अवसर पर जनपद स्तरीय वॉलीबाल एवं कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉपर बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम योजना अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड एवं सामुदायिक निवेश निधि के चेक वितरित किए गए। सीएम युवा अभियान एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट प्रदान की गई। पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत चयनित किसानों को सोलर पंप वितरित किए गए।
इसके साथ ही उद्योग विभाग द्वारा चेक वितरण, मेधावी छात्रों का सम्मान, स्वामी विवेकानंद जयंती प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान, गर्भवती महिलाओं का गोद भराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया गया, जहां कृषि, उद्योग, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, उद्यान, प्रोबेशन, पुलिस एवं सूचना विभाग सहित अनेक विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए सभी से ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।