ईद पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, डीएम-एसपी ने किया व्यापक निरीक्षण शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई नमाज, सौहार्द की मिसाल बना जनपद

संवाददाता
उरई/जालौन

ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जनपद में पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क रहा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई, कालपी एवं जालौन नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों की ईदगाहों एवं संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रूप से संचालित होती रहें।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस बल को सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बनाए रखने एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखने को कहा।

जनपद में ईद का पर्व हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे एवं गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों एवं मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी, जहां नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *