उरई, 07 अप्रैल 2026 (सू०वि०)।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उरई (जालौन) में दिनांक 07 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया।
मेले में Genus Power Infrastructure Ltd. के लिए चयन प्रक्रिया टीमलीज कंपनी के प्रतिनिधि एचआर श्रीमती प्रतीक्षा दुबे तथा जीनस पावर के एचआर श्री राहुल कुमार सिंह एवं श्री धर्मेन्द्र कुमार जोशी द्वारा संपन्न कराई गई। इसमें आईटीआई के इलैक्ट्रीशियन, वायरमैन, इलैक्ट्रीशियन पीडी एवं इलैक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों सहित अप्रेंटिसशिप/अनुभव प्राप्त अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें कुल 62 अभ्यर्थियों का चयन टेक्नीशियन/सुपरवाइजर पदों पर किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों को ₹16,000 प्रतिमाह वेतन के साथ यात्रा भत्ता एवं बोनस सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्हें उनके संबंधित ब्लॉक में ही नियुक्ति दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, एडूवान्डटेज कंपनी के एचआर श्री शैलेन्द्र सिंह परिहार द्वारा विभिन्न ट्रेड एवं स्नातक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर प्रणव विकास ग्रुप के लिए 09 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को फरीदाबाद एवं पलवल (हरियाणा) में नियुक्ति दी जाएगी।
रोजगार मेले में कुल 105 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 71 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन कार्यालय की टीम द्वारा कैरियर काउंसिलिंग शिविर का भी आयोजन किया गया।
रोजगार मेले के सफल संचालन में नोडल संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. नुपूर कश्यप सहित श्री नीलेश राव, श्री धर्मेन्द्र सिंह यादव, श्री राजेन्द्र पाल सिंह, श्री राजेश राजपूत, श्री नीरज त्रिपाठी, श्री राजेन्द्र प्रसाद वर्मा एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।